RSMSSB RPSC Vacancy 2025: राजस्थान सरकार ने साल 2025 के लिए 81000 सरकारी पदों पर भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में पदों का विवरण, पदों की संख्या और परीक्षाओं की तिथियां शामिल हैं। भजनलाल सरकार द्वारा जारी इस साल राज्य में कई विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें सबसे बड़ी भर्ती चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 52,453 पदों के लिए होगी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती
इस भर्ती के तहत गैर-अनुसूचित क्षेत्र के लिए 46,931 और अनुसूचित क्षेत्र के लिए 5,522 पद आरक्षित हैं। 10वीं पास उम्मीदवार 21 मार्च 2025 से 19 अप्रैल 2025 तक राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 से की जाएगी। इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 18 सितंबर से 21 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। परीक्षा में सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 200 अंकों की यह परीक्षा 2 घंटे की होगी।
राजस्थान रोडवेज और अन्य विभागों में भर्तियां
राजस्थान रोडवेज में ड्राइवरों के 2,756 पदों के लिए परीक्षा 22 से 23 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, जेल प्रहरी के 803 पदों के लिए 9, 11 और 12 अप्रैल 2025 को परीक्षा होगी। पशुधन सहायक के 2,024 पदों के लिए परीक्षा 13 जून को, जबकि लेखा सहायक के 400 पदों के लिए 16 जून को परीक्षा आयोजित होगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में भर्तियां
राजस्थान में प्राध्यापक के 2,202 पदों के लिए परीक्षा 23 जून से 6 जुलाई तक होगी। वरिष्ठ अध्यापक के 2,129 पदों के लिए परीक्षा 7 से 12 सितंबर को आयोजित होगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (एनएचएम) के 8,256 पदों के लिए परीक्षा 2 जून से 13 जून के बीच होगी।
परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा में 10वीं स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें सामान्य हिंदी से 30, सामान्य अंग्रेजी से 15, सामान्य ज्ञान से 50 और सामान्य गणित से 25 प्रश्न होंगे। सामान्य ज्ञान के 50 प्रश्नों में राजस्थान के भूगोल, इतिहास, कला, संस्कृति, संविधान, प्रशासनिक व्यवस्था, सामान्य विज्ञान, करेंट अफेयर्स और बेसिक कंप्यूटर से जुड़े सवाल शामिल होंगे।